Big breakingTreandingछत्तीसगढ़

CG Crime News: रायपुर कोर्ट में फर्जी वकील का भंडाफोड़, कई आधार कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज बरामद, बड़े गिरोह की आशंका

CG Crime News: Fake lawyer exposed at Raipur court; multiple Aadhaar cards and suspicious documents seized; suspicion of a major gang's involvement.

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में एक फर्जी वकील पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। आरोपी वकील की वेशभूषा में कोर्ट पहुंचा था और एक क्लाइंट का काम कराने का दावा कर लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश कर रहा था। हालांकि उसकी गतिविधियों पर मौजूद अधिवक्ताओं को संदेह हुआ, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

कभी हरीश डहरिया तो कभी मनीष कुर्रे बताता रहा नाम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर कोर्ट परिसर की है। आरोपी दोपहर के समय वकीलों जैसी ड्रेस पहनकर कोर्ट पहुंचा था। पूछताछ के दौरान वह अलग-अलग नाम बताता रहा। कभी खुद को हरीश डहरिया बताता तो कभी मनीष कुर्रे के नाम से परिचय देता। उसकी बातों में विरोधाभास मिलने पर अधिवक्ताओं का शक गहरा गया और उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दे दी।

तलाशी में मिले कई आधार कार्ड और पहचान पत्र

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से पांच आधार कार्ड, कई पहचान पत्र और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। इन दस्तावेजों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और उनकी सत्यता की जांच शुरू कर दी गई है।

क्लाइंट को झांसा देकर कोर्ट पहुंचा था आरोपी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक व्यक्ति को भरोसे में लेकर उसका कानूनी काम कराने के नाम पर कोर्ट पहुंचा था। इसी दौरान उसकी हरकतों ने वहां मौजूद अधिवक्ताओं का ध्यान खींचा और पूरा मामला उजागर हो गया।

बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

जांच के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी अकेला नहीं है और उसके साथ कुछ अन्य लोगों के जुड़े होने की भी आशंका है। सिविल लाइन थाना पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि वह कब से कोर्ट परिसर में सक्रिय था, अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है और उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Back to top button
ताज़ा खबरें