Big breakingTreanding
FIFA World Cup 2026: दो गोल, नया विश्व रिकॉर्ड और फिर मेसी के सवाल पर भड़के रोनाल्डो, प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया तीखा जवाब


2026 FIFA World Cup में Cristiano Ronaldo ने उज़्बेकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और अपनी टीम पुर्तगाल की अभियान को नई ऊर्जा दी। इस मुकाबले में उनके नाम कई बड़ी उपलब्धियां भी दर्ज हुईं। हालांकि मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे Lionel Messi को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए पत्रकार को जवाब दिया और बीच में ही वहां से चले गए।
मेसी के सवाल पर रोनाल्डो ने खोया आपा
मैच के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने रोनाल्डो से मेसी को लेकर सवाल किया। इस पर पुर्तगाली स्टार ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘एम्बाप्पे ने भी गोल किया। हमेशा मेसी की ही बात क्यों होती है?’ इतना कहने के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चले गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने
उज़्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल करने के साथ रोनाल्डो ने विश्व फुटबॉल में नया इतिहास रच दिया। वह छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह उपलब्धि उनके लंबे और शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ा अध्याय जोड़ती है।
आलोचनाओं पर भी दिया करारा जवाब
हाल के समय में अपनी फॉर्म को लेकर लगातार आलोचना झेल रहे रोनाल्डो ने मैच के बाद कहा कि उनके लिए बीते कुछ दिन आसान नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों से वह यही सब देखते आ रहे हैं। जब प्रदर्शन अच्छा होता है तो उनकी तारीफ होती है और जब खराब होता है तो लोग उन्हें रिटायर होने की सलाह देने लगते हैं। रोनाल्डो ने कहा कि उन्होंने और उनकी टीम ने मैदान पर अपने खेल से आलोचनाओं का जवाब दिया है और यही सबसे महत्वपूर्ण है।
‘मैन ऑफ द मैच’ बने रोनाल्डो
शानदार प्रदर्शन के लिए रोनाल्डो को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए। इस सूची में उनसे आगे केवल Roger Milla हैं, जिन्होंने 1994 के वर्ल्ड कप में 42 वर्ष की उम्र में गोल किया था।
अब कोलंबिया से होगी अगली चुनौती
पुर्तगाल का अगला मुकाबला 28 जून को कोलंबिया के खिलाफ खेला जाएगा। टीम इस जीत के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी और नॉकआउट चरण की राह मजबूत करने की कोशिश करेगी।