न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में गोलियों की आवाज से मची अफरा-तफरी, जान बचाने के लिए भागे लोग, एक घायल अस्पताल में भर्ती

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वायर में गुरुवार दोपहर अचानक गोलियां चलने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनते ही पर्यटक और स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।
भीड़ के बीच फायरिंग, पुलिस ने शुरू किया पीछा
पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, काले कपड़े पहने कम से कम दो संदिग्ध भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचे और हैंडगन जैसी दिखने वाली हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों मौके से भागने लगे, जिनका पुलिस ने तत्काल पीछा किया।
घटना के दौरान इलाके में मौजूद लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते और छिपते नजर आए। फायरिंग एक खड़ी पुलिस गाड़ी से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
एक व्यक्ति घायल, अस्पताल में भर्ती
फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की है कि घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि उसकी पहचान और हालत को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
निक्स परेड के बाद हुई घटना
यह घटना NBA चैंपियन न्यूयॉर्क निक्स की विजय परेड के कुछ समय बाद हुई। 53 वर्षों में पहली बार चैंपियन बनी टीम के सम्मान में आयोजित परेड में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे लोअर मैनहट्टन क्षेत्र में करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
हाल ही में भी हुई थी फायरिंग की घटना
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी टाइम्स स्क्वायर में फायरिंग की घटना सामने आई थी। उस दौरान न्यूयॉर्क निक्स की जीत का जश्न मना रहे लोगों के बीच 17 वर्षीय एक किशोर को गोली लग गई थी। भीड़ अधिक होने के कारण एम्बुलेंस समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकी थी और पुलिस को ही घायल को अस्पताल पहुंचाना पड़ा।


