Big breakingTreanding

वैभव सूर्यवंशी ने लपका ऐसा हैरतअंगेज कैच कि जोंटी रोड्स की आ गई याद, सोशल मीडिया पर छाया 15 साल का स्टार

Vaibhav Suryavanshi took a catch so spectacular it evoked memories of Jonty Rhodes; the 15-year-old star has taken social media by storm.

Sports : इंडिया ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के मुकाबले में भारत ने 101 रन से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह मजबूत कर ली। हालांकि मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है। उन्होंने पहले बल्ले से तेज शुरुआत दिलाई और फिर मैदान पर ऐसा अविश्वसनीय कैच पकड़ा, जिसे देखकर क्रिकेट प्रेमी दंग रह गए। सोशल मीडिया पर उनके इस कैच की तुलना दक्षिण अफ्रीका के महान फील्डर जोंटी रोड्स से की जा रही है।

दूसरी कोशिश में पकड़ा अविश्वसनीय कैच

अफगानिस्तान की पारी के दौरान अंशुल कंबोज की गेंद पर बल्लेबाज खालिद तनीवाल ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से निकलकर हवा में चली गई। वैभव सूर्यवंशी ने पहले प्रयास में गेंद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथों से छिटक गई।

इसके बाद उन्होंने तुरंत पीछे मुड़कर पूरी लंबाई में डाइव लगाई और जमीन से कुछ इंच ऊपर दाहिने हाथ से शानदार कैच लपक लिया। इस बेहतरीन फील्डिंग ने सभी को हैरान कर दिया और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने भी उनकी जमकर सराहना की।

सोशल मीडिया पर जोंटी रोड्स से हुई तुलना

वैभव सूर्यवंशी का यह कैच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट प्रशंसक उनकी फुर्ती और शानदार रिफ्लेक्स की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि इस तरह का कैच कभी जोंटी रोड्स अपने करियर के सुनहरे दौर में पकड़ते थे, लेकिन वैभव का कैच उससे भी ज्यादा शानदार नजर आया। कई अन्य यूजर्स ने भी युवा खिलाड़ी की फील्डिंग को विश्वस्तरीय बताया।

बल्ले से भी निभाई अहम भूमिका

मैदान पर फील्डिंग के अलावा वैभव ने बल्लेबाजी में भी टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने प्रियांश आर्या के साथ पहले विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके और दो छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135.71 का रहा।

ट्राई सीरीज में अब तक वैभव चार मुकाबलों में 117 रन बना चुके हैं। भले ही उनके बल्ले से अभी तक कोई अर्धशतक नहीं निकला हो, लेकिन उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित किया है।

101 रन से जीता भारत, फाइनल में पहुंची टीम

मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 319 रन बनाए। टीम की ओर से प्रियांश आर्या, कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

320 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर सिमट गई। भारत ने 101 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और अब टीम रविवार को ट्राई सीरीज के फाइनल में खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Back to top button
ताज़ा खबरें