छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज! कई जिलों में झमाझम बारिश, तेज आंधी के बीच मानसून की एंट्री के संकेत
Weather takes a turn in Chhattisgarh! Signs of monsoon arrival amid heavy rain and strong winds across several districts.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। सरगुजा से लेकर बस्तर संभाग तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई जिलों में चली तेज हवाएं
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बिलासपुर, गरियाबंद, धमतरी और मुंगेली में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। वहीं रायपुर और दुर्ग संभाग के अनेक जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।
तापमान में आई गिरावट, लोगों को मिली राहत
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में आए इस बदलाव का असर दिन और रात दोनों के तापमान पर दिखाई दिया है।
बारिश के बीच भी राजनांदगांव रहा सबसे गर्म शहर
प्रदेश में मौसम सुहावना होने के बावजूद राजनांदगांव सबसे गर्म शहर के रूप में दर्ज किया गया। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:
- रायपुर (लालपुर) : 37.8 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर : 38 डिग्री सेल्सियस
- पेंड्रा रोड : 35.8 डिग्री सेल्सियस
- अंबिकापुर : 35.1 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर : 31.7 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग : 38.6 डिग्री सेल्सियस
वहीं प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बस्तर संभाग के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों के लिए वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यहां गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले पांच दिनों तक ऐसा रह सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मानसून की दस्तक अब बेहद करीब, छत्तीसगढ़ में जल्द हो सकती है एंट्री
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ सकता है। इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।


