Big breakingTreandingछत्तीसगढ़

फॉर्च्यूनर कार के नाम पर 20 लाख की ठगी, चेक भी निकला बाउंस; फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

₹20 lakh fraud involving a Fortuner car; cheque bounced; absconding accused arrested and sent to jail.

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में फॉर्च्यूनर कार की खरीदी-बिक्री और गिरवी रखने के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वाहन का सौदा करने के बाद कार किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और रकम लौटाने की बजाय पीड़ित को फर्जी चेक थमा दिया। चेक बाउंस होने के बाद पूरा मामला सामने आया। पुलिस ने साइबर तकनीक और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार गिरवी रखने का सौदा, लेकिन बेच दी किसी और को

पुलिस के अनुसार, कोरबा जिले के सर्वमंगला नगर दुरपा निवासी चंद्रप्रकाश जायसवाल ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2024 को ग्राम करनौद थाना बिर्रा निवासी विवेक डड़सेना से फॉर्च्यूनर कार (सीजी 11 बीएन 1748) को गिरवी रखने अथवा खरीदने के लिए 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।

आरोप है कि रकम लेने के बाद विवेक डड़सेना ने उक्त वाहन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब चंद्रप्रकाश ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने भुगतान के नाम पर चेक दे दिया।

बैंक में लगाया चेक, लेकिन हो गया बाउंस

पीड़ित ने जब चेक बैंक में जमा कराया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ठिकाने बदलता रहा आरोपी, साइबर तकनीक से पुलिस ने दबोचा

जांच के दौरान आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा, जिससे उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चांपा पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर आरोपी की तलाश तेज की।

19 जून को पुलिस टीम ने ग्राम करनौद स्थित उसके निवास से विवेक डड़सेना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली।

चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेकबुक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Back to top button
ताज़ा खबरें