Big breakingTreandingछत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: झारखंड से नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Major action by Jashpur Police: Gang smuggling narcotic injections from Jharkhand busted; 5 accused arrested.

 जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे तस्करों के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन, वाहन, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस को देखते ही जंगल की ओर भागे तस्कर

जानकारी के अनुसार 9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस सारूडीह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर तेज गति से जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस मितान टीम की मदद से ग्राम हाथीसार (किनकेल) के जंगल में घेराबंदी की गई। काफी तलाश के बाद पुलिस ने दीपक लकड़ा, अमन सिंह और आलोक साय को गिरफ्तार कर लिया।

कार से मिली नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप

जब पुलिस ने संदिग्ध कार की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। जांच के दौरान रेक्सोजेसिक (ब्यूप्रेनोर्फिन इंजेक्शन) और एविल (फेनिरामाइन मैलिएट इंजेक्शन) की बड़ी खेप जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह माल झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मो. शमशेर खान से खरीदा था।

मुख्य सप्लायर और फरार आरोपी भी गिरफ्तार

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित सप्लायर मो. शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अतिरिक्त नशीले इंजेक्शन, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं मामले में फरार चल रहे आरोपी अरुण राम को भी बाद में अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

करीब 4 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 865 एमएल रेक्सोजेसिक इंजेक्शन, 1200 शीशी एविल इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 98 हजार रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

नशा तस्करों पर जारी रहेगा अभियान

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस मितान टीम के सहयोग से यह महत्वपूर्ण कार्रवाई संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button
ताज़ा खबरें