छत्तीसगढ़

दुलारपाली स्कूल में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों-शिक्षकों ने लिया समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प

बसना।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत नशामुक्ति जागरूकता संदेश के साथ हुई।
विद्यालय के प्राचार्य प्रेमानन्द भोई ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर व्याख्याता श्री टी. एल. पटेल ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के मार्ग पर चलते हुए नशे से दूर रहें, तो एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण निश्चित रूप से संभव है।
रेडक्रॉस काउंसलर रोहित कुमार साहू ने विद्यार्थियों से स्वयं तथा देशहित में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस जनजागरण अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रसंघ की सांस्कृतिक सचिव परी वैष्णव ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार नायक, रोहित कुमार साहू, कविता पटेल, राकेश प्रधान, डी. एल. खटकर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विज्ञान क्लब प्रभारी सुशांत प्रधान ने किया।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Back to top button
ताज़ा खबरें