छत्तीसगढ़बसनामहासमुंद

गुरु पूर्णिमा पर विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान

दुलारपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य प्रेमानन्द भोई ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं ने समवेत स्वर में सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत की। कक्षा बारहवीं की छात्रा यामिनी साहू ने मधुर गीत के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षकों का गुणगान किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए परी वैष्णव ने कहा कि गुरु की महिमा अनादि काल से सर्वविदित है। गुरु की महिमा का पूर्ण रूप से गान कर पाना अत्यंत कठिन है। हमारे शिक्षक ही हमारे गुरु हैं। नाम भले ही बदल गया है, लेकिन गुरु का कार्य आज भी वही है। वे हमारे अज्ञान रूपी तम को दूर कर ज्ञान के प्रकाश से जीवन को प्रकाशित करते हैं।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रेमानन्द भोई सहित टेकलाल पटेल, उपेंद्र बुड़ेक, कृष्ण कुमार नायक, अंजली पटेल, रूपधर पटेल, कविता पटेल, सुशांत प्रधान एवं डी.एल. खटकर ने अपने वक्तव्य में गुरु-शिष्य परंपरा एवं उसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही वर्तमान समय में गुरु एवं शिष्य की भूमिका, कर्तव्य तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके दायित्वों के संबंध में महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस एवं एनएसएस वॉलंटियर्स सहित विद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव देखने को मिला।

Back to top button
ताज़ा खबरें