Big breakingTreandingभारत

टेबल टेनिस विवाद और गहराया, मनिका बत्रा ने कहा- मानसिक रूप से थक चुकी हूं, अब खेल पर रहेगा पूरा फोकस

Table tennis controversy deepens; Manika Batra says, "I am mentally exhausted; now my full focus will be on the game."

भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने एशियाई खेल 2026 की टीम चयन को लेकर चल रहे विवाद के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले ने उन्हें मानसिक रूप से थका दिया है और अब वह इस विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय अपना पूरा ध्यान प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर केंद्रित करेंगी।मनिका ने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) के जवाब पर भी असंतोष जताया और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

एशियाई खेलों की टीम से बाहर होने पर शुरू हुआ विवाद

आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए टीटीएफआई ने हाल ही में पुरुष और महिला टीम की घोषणा की थी। टीम की अगुवाई श्रीजा अकुला और जी साथियान को सौंपी गई, जबकि मनिका बत्रा को मुख्य टीम में शामिल नहीं किया गया। उनका नाम केवल रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया, जिसके बाद उन्होंने इस फैसले पर आपत्ति जताई।मनिका ने चयन प्रक्रिया को मनमाना और पारदर्शिता से दूर बताते हुए पूरे मामले में स्पष्टीकरण की मांग की थी।

टीटीएफआई के जवाब पर उठाए नए सवाल

महासंघ ने अपने जवाब में कहा कि चयन पूरी तरह निर्धारित नीति और नियमों के अनुरूप किया गया है तथा मनिका के नाम पर चयन समिति ने विचार भी किया था।हालांकि मनिका का कहना है कि उनके पास मौजूद दस्तावेज इस दावे से मेल नहीं खाते। उन्होंने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में नौ सदस्यीय समिति ने फैसला लिया, जबकि टीटीएफआई के संविधान के अनुसार किसी भी उपसमिति में सात से अधिक सदस्य नहीं हो सकते।

‘अगर नियम यही कहते हैं तो फिर यह प्रक्रिया कैसे सही?’

मनिका ने कहा कि यदि संविधान में उपसमिति की अधिकतम सदस्य संख्या सात तय है, तो नौ सदस्यीय समिति द्वारा लिया गया फैसला नियमों के अनुरूप कैसे माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब खेल प्रेमियों और उन सभी लोगों को खुद तय करना चाहिए, जो नियमों के समान पालन की बात करते हैं।

‘मैं मानसिक रूप से थक चुकी हूं’

तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी मनिका ने स्वीकार किया कि इस विवाद ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इस लड़ाई को यहीं रोक रही हैं, क्योंकि इस समय उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी भारत के लिए खेलना है।

उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान अब मौजूदा टूर्नामेंट और आगामी प्रतियोगिताओं पर रहेगा।

चयनित टीम को दी शुभकामनाएं

विवाद के बावजूद मनिका ने एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि पूरी टीम शानदार प्रदर्शन करे और देश का नाम रोशन करे।फिलहाल टीटीएफआई ने चयन समिति में कथित तौर पर नौ सदस्यों के शामिल होने के आरोपों पर कोई नया आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया है।

Back to top button
ताज़ा खबरें