दीपिका पादुकोण ने ICC की नई मैटरनिटी पॉलिसी का किया स्वागत, बोलीं- महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ा बदलाव

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने महिला क्रिकेटरों के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा लागू की गई नई मैटरनिटी रिटर्न गाइडलाइंस का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने इसे खेल जगत में महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताते हुए इसकी सराहना की।
इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जताया समर्थन
दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ICC की नई मैटरनिटी पॉलिसी से जुड़ी एक रिपोर्ट साझा करते हुए लिखा कि यह खेल में महिलाओं के अधिकारों और उनके करियर को सुरक्षित करने की दिशा में एक अहम पहल है।
मां बनने के बाद करियर जारी रखने में मिलेगी मदद
ICC की नई गाइडलाइंस के तहत महिला क्रिकेटरों को बच्चे के जन्म के बाद खेल में वापसी के लिए व्यापक सहयोग मिलेगा। इस नीति में मेडिकल और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के साथ रिकवरी प्रोग्राम, लचीला ट्रेनिंग शेड्यूल, बच्चों की देखभाल की सुविधा और अन्य आवश्यक सहायता शामिल की गई है।
इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी महिला खिलाड़ी को मातृत्व और अपने खेल करियर के बीच किसी एक को चुनने के लिए मजबूर न होना पड़े।
सामाजिक मुद्दों पर मुखर रही हैं दीपिका
दीपिका पादुकोण लंबे समय से सामाजिक और पेशेवर बदलावों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखती रही हैं। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता से लेकर कार्यस्थल पर बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस और 8 घंटे की कार्य अवधि जैसे विषयों पर भी वह लगातार आवाज उठाती रही हैं।
जल्द दूसरी बार मां बनेंगी अभिनेत्री
दीपिका और अभिनेता रणवीर सिंह ने इसी साल अप्रैल में अपने दूसरे बच्चे के आने की खुशखबरी साझा की थी। दोनों ने अपनी बेटी दुआ की एक तस्वीर पोस्ट कर यह जानकारी दी थी, जिसमें वह प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े नजर आ रही थी।
2018 में की थी शादी
कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में पारिवारिक समारोह के बीच शादी की थी। आज यह जोड़ी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है।
‘किंग’ में फिर दिखेगी शाहरुख-दीपिका की जोड़ी
वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म के सेट से एक बिहाइंड द सीन्स वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों कलाकार केप टाउन में एक रोमांटिक गाने की शूटिंग करते दिखाई दिए। यह फिल्म दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा में बनी हुई है।


