Big breakingTreanding

1.35 करोड़ के डायमंड इयररिंग्स गायब, न्यूयॉर्क ट्रिप के दौरान रिया कपूर की टीम के साथ हुई बड़ी घटना

Diamond earrings worth ₹1.35 crore go missing; major incident involving Rhea Kapoor's team during New York trip.

मुंबई। फिल्म निर्माता और फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर की टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान करोड़ों रुपये की ज्वेलरी गायब होने का मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क में आयोजित एक प्रतिष्ठित फैशन इवेंट के लिए ले जाए जा रहे करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के डायमंड और पन्ना जड़ित इयररिंग्स लापता हो गए। मामले में मुंबई के सहार पुलिस थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज की गई है।

फैशन इवेंट के लिए किराए पर ली गई थी महंगी ज्वेलरी

पुलिस के अनुसार, रिया कपूर के साथ पिछले सात वर्षों से काम कर रहीं मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह इस ज्वेलरी को लेकर यात्रा कर रही थीं। यह महंगे इयररिंग्स मुंबई के दो प्रतिष्ठित ज्वेलर्स से फैशन इवेंट में इस्तेमाल के लिए किराए पर लिए गए थे। दोनों सेट अलग-अलग बॉक्स में पैक कर उनके हैंडबैग में सुरक्षित रखे गए थे।

मुंबई से दुबई होते हुए पहुंची थी टीम न्यूयॉर्क

रिया कपूर की टीम 27 अप्रैल की रात मुंबई से एमिरेट्स की फ्लाइट के जरिए रवाना हुई थी। दुबई में ट्रांजिट के बाद 28 अप्रैल को न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। होटल में चेक-इन करने के बाद जब ज्वेलरी बॉक्स खोले गए, तो दोनों बॉक्स खाली मिले। यह देखकर पूरी टीम हैरान रह गई।

दो महंगे इयररिंग्स सेट हुए गायब

गायब हुई ज्वेलरी में एक 18 कैरेट गोल्ड, डायमंड और एमराल्ड जड़ा इयररिंग्स सेट शामिल है, जिसकी कीमत करीब 66 लाख रुपये बताई गई है। दूसरा सेट जाम्बियन पन्ना और सोने की बॉर्डर वाला है, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख रुपये है। दोनों की कुल कीमत लगभग 1.35 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुंबई लौटते ही दर्ज कराई गई एफआईआर

भारत लौटने के बाद सवलीन सिंह ने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।

हर चरण की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब पूरी यात्रा की टाइमलाइन खंगाल रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि ज्वेलरी आखिर किस चरण में गायब हुई—मुंबई एयरपोर्ट पर, फ्लाइट के दौरान, दुबई ट्रांजिट में या फिर न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Back to top button
ताज़ा खबरें