Big breakingTreandingछत्तीसगढ़

International Yoga Day 2026: कल होगा भव्य सामूहिक योगाभ्यास, हजारों लोग एक साथ करेंगे योग, स्वास्थ्य का देंगे संदेश

International Yoga Day 2026: A grand mass yoga session will take place tomorrow; thousands of people will practice yoga together and spread a message of health.

 रायगढ़ : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को रायगढ़ में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों नागरिक एकत्र होकर योग करेंगे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगे। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक स्टेडियम ग्राउंड, बोईरदादर में किया जाएगा।

सांसदों समेत कई जनप्रतिनिधि रहेंगे कार्यक्रम में शामिल

इस विशेष आयोजन में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह करेंगे। वहीं नगर पालिक निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल और जनपद पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष सुजाता सुखलाल चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता निभाएंगी।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में होगा सामूहिक अभ्यास

छत्तीसगढ़ योग आयोग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक भी भाग लेंगे। प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों की देखरेख में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए जाएंगे, ताकि लोग सही तरीके से योग का अभ्यास कर सकें।

हर वर्ग की सहभागिता से दिया जाएगा स्वस्थ जीवन का संदेश

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा जिले के स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों, खेल संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इस आयोजन से जोड़ा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक योग के महत्व का संदेश पहुंचाया जा सके।

जिला प्रशासन ने तैयारियां की पूरी, सभी विभागों को सौंपी जिम्मेदारी

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि योग दिवस का यह आयोजन जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बने और लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित करे।

Back to top button
ताज़ा खबरें