छत्तीसगढ़

पीछा करने का आरोप, युवती ने सड़क पर रोका और चप्पल से पीटा; वीडियो वायरल, युवक हिरासत में

भिलाई : भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में एक युवती ने उसका पीछा करने का आरोप लगाते हुए एक युवक को बीच सड़क पर रोककर चप्पल और थप्पड़ों से पीट दिया। घटना का वीडियो युवती ने अपने मोबाइल से रिकार्ड किया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार रात की है। युवती स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। उसका आरोप है कि स्मृति नगर निवासी 29 वर्षीय युवक लगातार उसका पीछा कर रहा था। कुछ दूरी पर युवक सड़क किनारे खड़ा दिखाई दिया, जिसके बाद युवती ने अपनी स्कूटी रोककर उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। वीडियो में युवती युवक से कहती हुई दिखाई देती है, “तुझे क्या लगता है, मैं देखी नहीं तुझे मेरा पीछा करते हुए? क्यों पीछा कर रहा है?” इस पर युवक ने सफाई देते हुए कहा कि वह किसी का इंतजार कर रहा था। युवती ने उसका जवाब नकारते हुए दावा किया कि कुछ महीने पहले भी एक मॉल में यही युवक उसका पीछा कर चुका है और उस समय भी उसने उसका वीडियो बनाया था।

युवक ने मांगी माफी

युवक ने बातचीत के दौरान कहा कि वह युवती से बात करना चाहता था और माफी भी मांगी, लेकिन युवती ने नाराजगी जताते हुए उसकी चप्पल और थप्पड़ों से पिटाई कर दी। इस दौरान उसने कहा कि “तुम जैसे लड़कों के कारण ही लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाती हैं।” घटना देखकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को सुपेला थाना लाकर पूछताछ की और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। युवती का कहना है कि उसने इस बार अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साहस दिखाया और युवक का सामना किया, ताकि वह दोबारा किसी अन्य युवती का पीछा करने की हिम्मत न कर सके। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
ताज़ा खबरें