
दुलारपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सहयोग की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छात्रसंघ पदाधिकारियों का निर्वाचन एवं चयन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
निर्वाचन के बाद बहुमत के आधार पर कमलेश साव को शाला नायक तथा सचिन साहू को उपशाला नायक चुना गया। वहीं परी वैष्णव को सांस्कृतिक सचिव, नूतन साहू को छात्र प्रतिनिधि, टिकेश्वर सिद्धार्थ को क्रीड़ा सचिव, हर्ष साहू को प्रार्थना एवं अनुशासन प्रभारी, रूप यादव को स्वच्छता प्रभारी, धनेश्वरी बघेल को पेयजल प्रभारी, दीपक मांझी को बागवानी प्रभारी, डिंपल जगत को स्वास्थ्य प्रभारी तथा गोपिका साहू को खोया-पाया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय में कक्षा-वार कप्तान एवं उपकप्तान भी नियुक्त किए गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य प्रेमानंद भोई ने शाला नायक एवं सांस्कृतिक सचिव को शपथ दिलाई, जबकि सांस्कृतिक सचिव परी वैष्णव ने सभी पदाधिकारियों को पद, गोपनीयता एवं अनुशासन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता उपेंद्र बुड़ेक ने छात्रसंघ को विद्यार्थियों में नेतृत्व एवं जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी पदाधिकारियों से विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन छात्रसंघ प्रभारी कृष्ण कुमार नायक ने किया। निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में टेकलाल पटेल, रोहित कुमार साहू, डॉ. अंजली पटेल, कविता पटेल, डी.एल. खटकर, आर.डी. पटेल एवं सुशांत प्रधान ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।



