बसना

बसना – सभापति प्रकाश सिन्हा ने सांसद खेल महोत्सव का किया भव्य शुभारंभ, युवा जोश से लबरेज हुआ माहौल

जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने भरी हुंकार: "खेल राष्ट्र निर्माण का संकल्प है!"

बसना: जनपद पंचायत बसना के अंकोरी ग्राम में आज “सांसद खेल महोत्सव 2025” का भव्य आगाज हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्साह, जोश और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस प्रेरणादायी आयोजन के मुख्य अतिथि जनपद सभापति एवं क्षेत्र के जनपद सदस्य श्री प्रकाश सिन्हा रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र त्रिपाठी ने की।


राष्ट्र निर्माण का संकल्प और ‘फिट इंडिया’ का आह्वान
अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि श्री प्रकाश सिन्हा ने इस महोत्सव के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि:खेल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं हैं, यह राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। ‘सांसद खेल महोत्सव’ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकता का सशक्त प्रतीक है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया – हिट इंडिया’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस महोत्सव को एक सशक्त पहल बताया। सिन्हा ने इस मंच को प्रदान करने के लिए महासमुंद क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल का विशेष आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीयूष ठाकुर ने स्वागत भाषण देते हुए ‘सांसद खेल महोत्सव’ के उद्देश्य और ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने की इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री जितेन्द्र त्रिपाठी ने खिलाड़ियों को जीवन में अनुशासन, एकता और नेतृत्व का भाव जगाने के लिए खेल को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से निष्पक्षता और सच्ची टीम भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।


गणमान्य अतिथियों और ग्रामीणों की उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मिलाप निराला, विधायक प्रतिनिधि श्री खोलबाहरा निराला, भाजपा मंडल महामंत्री श्री प्रहलाद साहू एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री विनोद विशाल उपस्थित रहे।
पूरा कार्यक्रम देशभक्ति और युवा जोश से ओतप्रोत रहा। अंकोरी शासकीय विद्यालय के प्राचार्य श्री यज्ञराम सिदार ने कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अंकोरी सरपंच मिश्रा दीप, गढ़फुलझर सरपंच श्रीमती हरप्रीत कौर हरजू, कायतपाली सरपंच सुश्री गीता यादव, देवरी सरपंच सुरेश कोसरिया, कुदारीबाहरा सरपंच प्रफुल्ल साव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Back to top button
ताज़ा खबरें