Big breakingTreandingछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली रवाना, डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री पहले से मौजूद, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज

Chief Minister Vishnu Deo Sai leaves for Delhi today; the Deputy CM and Health Minister are already there, fueling speculation about a cabinet reshuffle.

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार दोपहर दिल्ली रवाना होंगे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मंगलवार शाम की फ्लाइट से दिल्ली पहुंच चुके हैं। लगातार हो रहे इन दौरों के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री के साथ जाएंगे वरिष्ठ अधिकारी

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव राहुल भगत भी दिल्ली जाएंगे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी को देखते हुए माना जा रहा है कि दिल्ली में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठकों या केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम हो सकता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की भी चर्चा

सूत्रों के मुताबिक उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की मान्यता सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।हालांकि सरकार की ओर से इन बैठकों के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें हुईं तेज

दिल्ली दौरे के बीच सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर विचार कर रहा है।पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री निवास में मंत्रियों की हुई अहम बैठक को भी इसी प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अब तक न तो भाजपा और न ही राज्य सरकार की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

फिलहाल मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली बैठकों और सरकार की ओर से आने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।

Back to top button
ताज़ा खबरें