FIFA World Cup 2026 में गोलों की बारिश, सिर्फ 33 मैचों में टूटा 68 साल पुराना रिकॉर्ड, नीदरलैंड्स ने भी रचा नया इतिहास

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबलों के साथ गोलों की जबरदस्त बरसात देखने को मिल रही है। टूर्नामेंट के शुरुआती 33 मुकाबलों में ही 100 से अधिक गोल दर्ज हो चुके हैं। यह उपलब्धि 1958 के बाद पहली बार इतनी तेजी से हासिल हुई है, जिससे इस विश्व कप ने पिछले 68 वर्षों का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
33 मैचों में 100 गोल, कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छूटे
इस विश्व कप में गोल करने का सिलसिला 12 जून को शुरू हुआ, जब मेक्सिको के जूलियन क्विनोनेस ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में पहला गोल दागा। इसके बाद गोलों का सिलसिला लगातार जारी रहा और नीदरलैंड्स के कोडी गैकपो ने स्वीडन के खिलाफ मुकाबले में अपनी टीम का तीसरा गोल कर टूर्नामेंट का 100वां गोल दर्ज कराया।
सिर्फ 33 मैचों में 100 गोल का आंकड़ा पार करना 1958 के बाद किसी भी विश्व कप संस्करण का सबसे तेज प्रदर्शन माना जा रहा है।
1982 और 2014 का रिकॉर्ड भी टूटा
इससे पहले 1982 और 2014 के फीफा वर्ल्ड कप में 100 गोल तक पहुंचने के लिए 36 मुकाबले खेले गए थे। वहीं 1978 और 1994 के संस्करणों में यह आंकड़ा 38 मैचों के बाद पूरा हुआ था।
हालांकि, विश्व कप इतिहास में सबसे तेज 100 गोल का रिकॉर्ड अब भी 1954 के स्विट्जरलैंड विश्व कप के नाम है, जहां केवल 20 मुकाबलों में ही 100 गोल हो गए थे। उस टूर्नामेंट का खिताब वेस्ट जर्मनी ने अपने नाम किया था।
नीदरलैंड्स ने 5-1 की शानदार जीत के साथ बनाया खास रिकॉर्ड
स्वीडन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नीदरलैंड्स ने 5-1 की शानदार जीत दर्ज करते हुए ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने विश्व कप इतिहास में अपना 100वां गोल भी पूरा किया और ऐसा करने वाली दुनिया की आठवीं टीम बन गई।
ब्रॉबी और गैकपो ने दिखाया दम
नीदरलैंड्स की जीत में ब्रायन ब्रॉबी और कोडी गैकपो सबसे बड़े हीरो रहे। ब्रॉबी ने मैच के 5वें और 17वें मिनट में दो गोल किए, जबकि गैकपो ने 47वें और 54वें मिनट में दो बार गेंद को जाल में पहुंचाया। टीम का पांचवां गोल क्राइसेंसियो समरविले ने किया। स्वीडन की ओर से एंथनी एलंगा ने 59वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
48 टीमों के बीच खेले जाएंगे 104 मुकाबले
फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब तक के सबसे बड़े संस्करणों में शामिल है। इस बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 12 ग्रुप में बांटा गया है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे फुटबॉल प्रशंसकों को लंबे समय तक रोमांचक मुकाबलों का आनंद मिलेगा।


